गणेश घोघरा बने डूंगरपुर कांग्रेस के नए जिलाध्यक्ष:39 साल बाद दूसरे आदिवासी नेता को मिली कमान, डूंगरपुर से लगातार दूसरी बार MLA

डूंगरपुर में कांग्रेस के नए जिलाध्यक्ष की घोषणा कर दी गई है। डूंगरपुर विधायक और राजस्थान आदिवासी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गणेश घोघरा को डूंगरपुर कांग्रेस की कमान सौंपी गई है। वे 39 साल बाद डूंगरपुर कांग्रेस के दूसरे अनुसूचित जनजाति (ST) जिलाध्यक्ष होंगे। राजस्थान कांग्रेस ने देर शाम को जिलाध्यक्षों की घोषणा की। डूंगरपुर से विधायक गणेश घोघरा को अब जिलाध्यक्ष की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वे वर्तमान में राजस्थान आदिवासी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष भी हैं। गणेश घोघरा डूंगरपुर विधानसभा से लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। विधायक बनने से पहले वे सरपंच रह चुके हैं और वर्तमान में उनकी पत्नी सरपंच हैं। आदिवासी वोट बैंक में उनकी मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्हें जिलाध्यक्ष पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। डूंगरपुर से वे अकेले ही कांग्रेस के विधायक भी हैं। कांग्रेस ने 39 साल बाद डूंगरपुर में किसी अनुसूचित जनजाति के नेता को जिलाध्यक्ष बनाया है। इससे पहले 1980 से 1986 तक सागवाड़ा के भीखा भाई कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे थे। उनके बाद किसी एसटी नेता को यह मौका नहीं मिला था। हालांकि, 2005 से 2012 तक डॉ. शंकर यादव अनुसूचित जाति (SC) से जिलाध्यक्ष रहे थे।

source https://www.bhaskar.com/local/rajasthan/dungarpur/news/ganesh-ghogra-becomes-the-new-district-president-of-dungarpur-congress-136486597.html

Comments